डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ समनापुर, डिंडौरी जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। समनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में महज़ 15 दिन पुराने विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी ने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, वारदात के बाद सक्रिय हुई समनापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज़ 4 घंटे के भीतर जंगल से खदेड़कर
गिरफ्तार कर लिया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया निवासी कमल सिंह मरावी रविवार को गांव में ही आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जब वे कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही सुकल सिंह ने उन्हें घेर लिया। आरोपी ने अचानक भारी पत्थर से कमल सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयंकर था कि गंभीर चोटें आने के कारण कमल सिंह मरावी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुकल सिंह तुरंत पास के गहरे जंगल में भाग खड़ा हुआ।
15 दिन पहले शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह रंजिश बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले कमल सिंह और सुकल सिंह के बीच शराब पीने की बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। आरोपी सुकल सिंह उसी रंजिश को मन में दबाए बैठा था। जैसे ही उसे रविवार को कमल सिंह के अकेले लौटने का मौका मिला, उसने योजनाबद्ध तरीके से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: जंगल में सर्चिंग कर 4 घंटे में दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही समनापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन, एसडीओपी विवेक गौतम के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। आरोपी के जंगल में छिपे होने की जानकारी मिलते ही टीम ने जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी के आगे आरोपी ज़्यादा देर नहीं टिक सका और वारदात के महज़ 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
वैधानिक कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में वैधानिक विवेचना जारी है। घटना से जुड़े सभी भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







