बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मां ताप्ती उद्गम तीर्थ क्षेत्र मुलताई में आस्था, एकता और संकल्प का अद्भुत संगम देखने को मिला। बुधवार की शाम तहसील कार्यालय परिसर स्थित बागेश्वर धाम हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई सनातन हिंदू एकता पदयात्रा जयकारों से गुंजायमान होती हुई, मां ताप्ती उद्गम स्थल तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर संपन्न हुई। मां ताप्ती की परिक्रमा कर हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म, एकता और राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
हिंदू समाज को एक करना लक्ष्य
इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना और हिंदू राष्ट्र की स्थापना के संकल्प को सशक्त बनाना रहा। यात्रा का शुभारंभ पूजन-अर्चन, हनुमान चालीसा पाठ और संकीर्तन से हुआ। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, जय मां ताप्ती, हर-हर महादेव और जय बागेश्वर धाम सरकार के गगनभेदी नारों से नगर का वातावरण धर्ममय बन गया।
कार्यक्रम के बारे में दी जानकारी
भाजपा नेता मनीष माथनकर ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह पदयात्रा पूज्य श्री बागेश्वर धाम सरकार द्वारा 7 से 16 नवंबर 2025 तक दिल्ली से वृंदावन धाम तक आयोजित सनातन हिंदू एकता पदयात्रा से प्रेरित है। मुलताई की यह स्थानीय यात्रा भी उसी भाव से सनातन धर्म की एकता और जागृति का संदेश लेकर निकली है।
वैचारिक क्रांति की शुरुआत
भाजपा नेत्री माधुरी साबले ने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार द्वारा आयोजित यह पदयात्रा भारत की सबसे बड़ी वैचारिक क्रांति की शुरुआत है। इस यात्रा में करोड़ों हिंदुओं की एकता, संगठन और विश्वास सड़कों पर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में दो धर्म ध्वज, गौमाता, भजन-कीर्तन, और जगह-जगह हनुमान चालीसा पाठ के आयोजन होंगे, जिससे हर नगर और ग्राम में भक्ति की धारा बहेगी।
पदयात्रा के मुख्य संकल्प
भाजपा नेता गगन साहू ने बताया कि इस पदयात्रा के मुख्य संकल्पों में मां यमुना का शुद्धिकरण, भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करना, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देना, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का भव्य निर्माण, ब्रज परिसर को प्राचीन स्वरूप दिलाना, अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद पर रोक लगाना तथा सामाजिक समरसता स्थापित करना शामिल हैं।
प्रत्येक हिंदू को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का आह्वान
समाजसेवी श्रीमती नीलम पाठे ने कहा कि इस पदयात्रा का आयोजन समस्त हिंदू संगठनों और समाज के सहयोग से किया गया है। यात्रा के दौरान मुलताई नगर के प्रत्येक हिंदू जन को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि मां ताप्ती बागेश्वर बालाजी धाम एवं तहसील कार्यालय परिसर के सदस्य सक्रिय रूप से यात्रा में सहभागी रहे।
अनेक हिंदू संगठनों का रहा सहयोग
राष्ट्रीय हिंदू सेना जिला अध्यक्ष अनुज राठौर ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य गौ-संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना को भी बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में राष्ट्रीय हिंदू सेना, बजरंग दल मुलताई, गौ कान्ति दल, सेन समाज सहित अनेक हिंदू संगठनों का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में यह रहे शामिल
कार्यक्रम में राष्ट्रीय हिंदू सेना प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, शुभम इंगले, सोफ्निल पवार, शनि साहू, प्रफुल्ल सोलंकी, दीपक कोसे, लोकेश साहू, गजनी साहू, गोविंद बजरगी, भूषण साहू, दीपक अखाड़ा, सौरभ दुबे, कपिल साहू, दुर्गेश बजरंगी, अविनाश भूषण साहू तायवाडे, घनश्याम सोनी, सचिन विश्वकर्मा, धर्मेंद्र नरवरे, सोमेश सोनी, सत्यम विश्वकर्मा, यादव अजाबराव दिपके, निखिल जैन, यश साहू सहित अनेक श्रद्धालु, कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे।







