मध्यप्रदेश में मानसून धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखा रहा है. कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ इलाकों में अब भी उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है. विभाग ने प्रदेश के करीब 50 जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी है. वहीं 2 जुलाई से एक नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के बाद कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत करीब 50 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इन इलाकों में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इन जिलों में भी बारिश के संकेत
मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया है. हालांकि इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
2 जुलाई से सक्रिय होगा नया वेदर सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 जुलाई से प्रदेश में नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है. इसके प्रभाव से कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बारिश और तेज हवा को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें. किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.







