भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने का भी अनुमान है।
इन जिलों में भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, सिवनी और पांढुर्णा में भी बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, इंदौर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सतना, जबलपुर, सागर, छतरपुर और कटनी समेत कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 174 मिमी बारिश मकसूदनगढ़ में रिकॉर्ड हुई।
इसके अलावा कुंभराज और जयसिंहनगर में 130-130 मिमी, गोहरगंज में 128 मिमी, सुल्तानपुर में 122 मिमी और बुधनी में 114 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में भी 53 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।
तापमान में गिरावट, लोगों और किसानों को सावधानी की सलाह
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में कमी आई है। भोपाल संभाग में अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। इंदौर, उज्जैन और चंबल संभाग में भी तापमान 2.4 से 3.9 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है। किसानों को भी बारिश के दौरान उर्वरक और दवा का छिड़काव टालने तथा खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।
ये खबर भी पढ़ें..







