दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर बने मौसमी सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बारिश का दौर एक बार फिर तेज हो गया है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जबकि पश्चिमी इलाकों के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
रीवा और सतना पर सबसे ज्यादा खतरा, 14 जिलों के लिए बड़ी चेतावनी
मौसम विभाग ने रीवा और सतना जिले को लेकर रेड अलर्ट जैसी स्थिति जताई है. यहाँ कुछ जगहों पर 204.4 मिलीमीटर से भी अधिक यानी अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा दतिया, भिंड, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत 14 जिलों में अति भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है. वहीं नर्मदापुरम, बैतूल, सीधी, अनूपपुर, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सागर, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
भोपाल और इंदौर समेत कई इलाकों में आंधी-तूफान का अलर्ट
बारिश के साथ-साथ पूरे प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का जोखिम बना हुआ है. राजधानी भोपाल और इंदौर के अलावा विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
सतना-मैहर में स्कूलों की छुट्टी और बारिश का हाल
लगातार हो रही बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने जिले के कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में 25 और 26 सितंबर का अवकाश घोषित कर दिया है. मैहर जिले में भी सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. अगर बीते 24 घंटों की बात करें तो रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. इसमें सबसे ज्यादा बारिश मैहर के अमरपाटन में 68 मिमी (ढाई इंच से अधिक) दर्ज हुई. इसके अलावा मैहर शहर में 42.3 मिमी, पचमढ़ी में 37 मिमी, सतना में 34.7 मिमी और नरसिंहपुर में 31 मिमी पानी बरसा है.







