मध्य प्रदेश में करीब 10 दिनों तक सुस्त पड़े मानसून ने आखिरकार फिर रफ्तार पकड़ ली है. रविवार और सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह और सिवनी जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई. सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश छतरपुर जिले के बड़ामलेहरा क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भिंड, मुरैना, अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दतिया, पन्ना और निवाड़ी में कई स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, दमोह, सागर और मैहर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं.
दो मजबूत मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल दो सक्रिय मौसमी सिस्टम प्रभावी बने हुए हैं. मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण से निकली ट्रफ लाइन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों को प्रभावित कर रही है. इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवात पश्चिमी मध्य प्रदेश में लगातार नमी पहुंचा रहा है. इसी वजह से इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच जैसे जिलों में भी अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है.
चार दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिलने के कारण फिलहाल मानसून कमजोर पड़ने के संकेत नहीं हैं. हालांकि प्रदेशभर में एक समान तेज बारिश तभी होगी, जब बंगाल की खाड़ी में कोई नया मजबूत सिस्टम बनेगा. फिलहाल अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. पूर्वी, दक्षिणी और नर्मदा घाटी के कई इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है.
भोपाल समेत कई शहरों में बदलेगा मौसम
राजधानी भोपाल में सोमवार को बारिश सीमित रही, लेकिन मंगलवार को मौसम बदलने की संभावना है. भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.







