भोपाल। मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है, लेकिन पिछले दो दिनों से बारिश की रफ्तार कुछ धीमी हुई है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार शाम हल्की बारिश हुई, जिससे कई सड़कें भीग गईं। मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई को प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
26 जुलाई से फिर सक्रिय होगा बारिश का सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मजबूत होगा। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में फिर से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी।
इन जिलों में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार—
- 26 से 27 जुलाई: शहडोल, कटनी और अनूपपुर में कहीं-कहीं 115 मिमी तक भारी बारिश हो सकती है।
- 27 से 28 जुलाई: शहडोल, सतना, सिंगरौली और सीधी जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
- 28 से 29 जुलाई: भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
प्रदेश में अब भी सामान्य से 11% कम बारिश
मध्यप्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक औसत से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 8 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में सक्रिय होने वाले नए सिस्टम से बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है।
ये खबर भी पढ़ें..







