भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
जून में सामान्य से 38 फीसदी कम हुई बारिश
प्रदेश में 1 जून से 28 जून के बीच सामान्य से 38 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान जहां 116.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहां केवल 71.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा कमी देखने को मिली, जहां सामान्य से 67 फीसदी कम बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून सक्रिय हो रहा है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
भोपाल, इंदौर समेत 40 से ज्यादा जिलों में अलर्ट
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, कटनी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, देवास और उज्जैन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।
सक्रिय मौसम सिस्टम से बदला प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन सिस्टम की वजह से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें..







