भोपाल। मध्य प्रदेश को सोमवार को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीमच और शाजापुर जिले में स्थापित कुल 950 मेगावाट क्षमता वाले दो बड़े सौर ऊर्जा पार्कों का लोकार्पण करेंगे। इनमें नीमच सोलर पार्क की क्षमता 500 मेगावाट और शाजापुर सोलर पार्क की क्षमता 450 मेगावाट है।
नीमच और शाजापुर में शुरू होंगे बड़े सोलर पार्क
नीमच सोलर पार्क से उत्पादित बिजली की दर 2.14 से 2.15 रुपये प्रति यूनिट रहेगी। वहीं शाजापुर सोलर पार्क की बिजली 2.33 से 2.35 रुपये प्रति यूनिट की दर से उपलब्ध होगी।
सरकार का दावा है कि ये दरें देश की सबसे कम बिजली दरों में शामिल हैं, जिससे प्रदेश में सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
भोपाल में होगा मुरैना सोलर प्रोजेक्ट का समझौता
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की मौजूदगी में 440 मेगावाट क्षमता वाली मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना का पावर परचेज एग्रीमेंट भी किया जाएगा।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। यह परियोजना मध्य प्रदेश की पहली सोलर ऊर्जा भंडारण परियोजना होगी।
1593 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री करीब 1593.98 करोड़ रुपये की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे।
इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
देश की सबसे सस्ती दरों में बिजली
अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव के अनुसार मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए 2.70 रुपये प्रति यूनिट की दर प्राप्त हुई है, जो देश की सबसे कम दरों में शामिल है। वहीं नीमच और शाजापुर सौर परियोजनाओं में करीब 2.14 रुपये प्रति यूनिट की दर पर बिजली उत्पादन होगा, जिससे प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
सौर परियोजनाओं का विवरण
नीमच सोलर पार्क (500 मेगावाट)
- यूनिट-1 : 2.15 रुपये प्रति यूनिट
- यूनिट-2 : 2.14 रुपये प्रति यूनिट
- यूनिट-3 : 2.15 रुपये प्रति यूनिट
शाजापुर सोलर पार्क (450 मेगावाट)
- यूनिट-1 : 2.35 रुपये प्रति यूनिट
- यूनिट-2 : 2.33 रुपये प्रति यूनिट
- यूनिट-3 : 2.339 रुपये प्रति यूनिट
आगर सोलर पार्क (550 मेगावाट, निर्माणाधीन)
- यूनिट-1 : 2.45 रुपये प्रति यूनिट
- यूनिट-2 : 2.44 रुपये प्रति यूनिट
ये खबर भी पढ़ें..







