MP Morning News: महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष के रुख के खिलाफ आज भारतीय जनता पार्टी बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। राजधानी भोपाल के एमवीएम ग्राउंड से यह आक्रोश रैली शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। बीजेपी इस रैली के जरिए विपक्ष के महिला विरोधी चेहरे को उजागर करने का दावा कर रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का शेड्यूल
सीएम आज बेहद व्यस्त रहने वाले हैं। सीएम मोहन आज ग्वालियर, मुरैना, रीवा और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। ग्वालियर-चंबल संभाग को आज कई विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री आज रात्रि विश्राम रीवा में करेंगे।
12 जिलाध्यक्षों का रिपोर्ट कार्ड लाल
प्रदेश कांग्रेस में सांगठनिक बदलाव की आहट तेज हो गई है। हाल ही में हुई समीक्षा बैठक के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आलीराजपुर, रतलाम शहर, ग्वालियर ग्रामीण और इंदौर शहर समेत 12 जिलों के अध्यक्षों का परफॉर्मेंस बेहद कमजोर पाया गया है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में हुई समीक्षा के बाद अब इन जिलाध्यक्षों की निष्क्रियता की रिपोर्ट एआईसीसी को भेज दी गई है। अब इनका भविष्य दिल्ली से तय होगा।
आबकारी विभाग: लक्ष्य से ज्यादा कमाई
मध्य प्रदेश सरकार के लिए राजस्व के मोर्चे पर अच्छी खबर है। प्रदेश की सभी 3553 शराब दुकानें नीलाम हो चुकी हैं। इससे सरकार को 20,481 करोड़ की कमाई होगी, जो लक्ष्य से 200 करोड़ अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछले साल के मुकाबले 12.33% अधिक राजस्व मिलेगा। सभी दुकानें नीलाम होने के कारण अब सरकार को शराब बेचने के लिए अलग से कोई निगम-मंडल बनाने की आवश्यकता नहीं होगी।
आंधी-बारिश का अलर्ट
प्रदेश में गर्मी का दोहरा असर दिख रहा है।
नौगांव 45°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। भोपाल में पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। 5 जिलों में लू का अलर्ट जारी है। वही पूर्वी हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने के कारण अगले 2 दिन कुछ जिलों में बादल, आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। गुजरात और राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं, जबकि टर्फ लाइन के कारण भोपाल समेत कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं।







