भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में पहुंचने के बाद पिछले तीन दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल होने पर मानसून प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आगे बढ़ने पर सबसे पहले भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में पहुंचेगा। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य इलाकों को कवर करेगा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मानसून सबसे आखिर में दस्तक देने की संभावना है।
24 जून को इन जिलों में पहुंचा था मानसून
24 जून को मानसून ने प्रदेश के 15 जिलों में प्रवेश किया था। इनमें आलीराजपुर, इंदौर, धार, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी शामिल हैं। हालांकि इसके बाद मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ गईं और आगे बढ़ने की प्रक्रिया रुक गई।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर में बारिश की संभावना जताई है।
वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने पर प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
ये खबर भी पढ़ें..







