डेस्क। मध्यप्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीदना जल्द ही पहले से आसान होने वाला है। अब नियमित गैस कनेक्शन नहीं होने पर भी लोग 10 किलोग्राम का फ्री ट्रेड घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीद सकेंगे। इसके लिए किसी गैस कंपनी का स्थायी उपभोक्ता होना जरूरी नहीं होगा। यह सुविधा अगले महीने तक प्रदेश में शुरू होने की संभावना है।
बिना गैस कनेक्शन भी खरीद सकेंगे सिलेंडर
नई व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति जरूरी दस्तावेजों के साथ 10 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीद सकेगा। यह सिलेंडर बाजार मूल्य पर उपलब्ध होगा और खास तौर पर किराएदारों, छात्रों, छोटे परिवारों तथा ऐसे लोगों के लिए उपयोगी होगा, जिनके पास नियमित गैस कनेक्शन नहीं है।
ऑनलाइन बुकिंग और घर तक होगी डिलीवरी
इस नई व्यवस्था में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए की जाएगी। उपभोक्ता ऑनलाइन ऑर्डर देकर सिलेंडर अपने घर मंगा सकेंगे। डिलीवरी गैस एजेंसी के अधिकृत कर्मचारियों द्वारा की जाएगी, जिससे लोगों को गैस एजेंसी जाकर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मध्यप्रदेश में अगले महीने से मिल सकती है सुविधा
गैस कंपनियों ने 10 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की है। फिलहाल इसकी शुरुआत बेंगलुरु में की गई है। सफल परीक्षण के बाद इसे मध्यप्रदेश में भी लागू किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले महीने से प्रदेश के उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलने लगेगा।
KYC के बाद मिलेगा सिलेंडर
फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आधार कार्ड समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद सिलेंडर खरीदा जा सकेगा। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि एक व्यक्ति सालभर में कितने फ्री ट्रेड सिलेंडर खरीद सकेगा।
ये खबर भी पढ़ें..







