डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ मध्यप्रदेश के डिंडौरी-शहपुरा नवागत एसडीएम जमादार फरहान इरफान ने शहपुरा अनुविभाग में पदभार संभालते ही अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शहपुरा नगर में संचालित अवैध क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उमरिया रोड पर संचालित एक क्लीनिक को सील कराया गया।
खबर डिजिटल को मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर संचालित डॉक्टर पंकज सिन्हा के क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान क्लीनिक का संचालन घर से किए जाने की जानकारी सामने आई। हालांकि, घर को सील नहीं किया गया।
वहीं उमरिया रोड स्थित एक अन्य क्लीनिक में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उसे सील कर दिया। एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नगर क्षेत्र में बिना वैध अनुमति अथवा आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: एसडीएम
नवागत एसडीएम जमादार फरहान इरफान ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "शाहपुरा नगर और आसपास के इलाकों में बिना वैध अनुमति, आवश्यक पंजीयन और डिग्री के क्लीनिक संचालन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले संदिग्ध क्लीनिकों की गहन जांच होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपनी सेहत की सुरक्षा के लिए केवल प्रामाणिक व डिग्रीधारी डॉक्टरों से ही इलाज कराएं।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
प्रशासन की इस मुस्तैदी से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिना वैध दस्तावेजों के अवैध क्लीनिक चलाए जा रहे थे, जिससे गलत इलाज और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ के मामले सामने आते रहते थे।
इस कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जागी है कि अब अवैध प्रैक्टिस पर पूरी तरह लगाम लगेगी। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से नगर में बिना आवश्यक अनुमति के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।







