मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में आने वाले दिनों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. पार्टी उन जिलाध्यक्षों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है जिनका प्रदर्शन कमजोर माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक लंबे समय से निष्क्रिय चल रहे कई जिलाध्यक्षों की रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी यानी एआईसीसी को भेजी जा रही है. माना जा रहा है कि प्रदेश के कई जिलों में संगठनात्मक फेरबदल जल्द हो सकता है.
कांग्रेस की नई लिस्ट तैयार
सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन ने अलग-अलग जिलों के कामकाज का आकलन किया है. जिन जिलों में संगठन मजबूत नहीं दिखा, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल की कमी रही या जनसंपर्क अभियान प्रभावी नहीं रहे, वहां नेतृत्व बदलने की तैयारी चल रही है. बताया जा रहा है कि इस सूची में एक पूर्व मंत्री का नाम भी शामिल है. भोपाल में तैयार की गई रिपोर्ट में जिलाध्यक्षों द्वारा सालभर में किए गए कार्यों और कार्यकारिणी गठन से जुड़ी जानकारी भी जोड़ी गई है. इसके बाद पूरी रिपोर्ट एआईसीसी को भेजी जाएगी.
हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने क्या कहा
हाल ही में सतना जिले में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने भी साफ संकेत दिए हैं कि अब संगठन में सक्रियता को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा. प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पदाधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा कि उन्हें मैदान में उतरकर काम करना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे, उन्हें एआईसीसी द्वारा पद से हटाया जा सकता है. कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है. इसी वजह से पार्टी अब सक्रिय और परिणाम देने वाले नेताओं को जिम्मेदारी देने के मूड में नजर आ रही है. आने वाले समय में कई जिलों में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना भी जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी







