भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में समत्व भवन में विद्युत आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण अनुबंधों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वंदे मातरम के सामूहिक गान के साथ गणतंत्र दिवस के बाद पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई।
दावोस यात्रा की जानकारी और स्वागत
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस की अभूतपूर्व और सफल यात्रा के बाद मंत्रि-परिषद सदस्यों ने उनका स्वागत किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने दावोस यात्रा के दौरान हुए निवेश संवाद और मध्य प्रदेश को निवेश गंतव्य के रूप में मिली सफलता की जानकारी दी।

समाज कल्याण और सांस्कृतिक गतिविधियां
मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि संध्या छाया सेवा भारती योजना के तहत 56 बुजुर्गों के लिए 34 कमरों की आवासीय व्यवस्था को मंजूरी दी गई। साथ ही महाकाल महोत्सव सहित कई सांस्कृतिक आयोजनों की समीक्षा हुई। आज ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगा।
पचमढ़ी विकास और टाइगर रिजर्व सुरक्षा
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पचमढ़ी के विकास को नए सिरे से मंजूरी दी गई, जिससे इसे पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं टाइगर रिजर्व के बफर जोन में सुरक्षा को देखते हुए 390 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई।
सिंचाई, कृषि और रोजगार को बढ़ावा
जल संसाधन विभाग की दो बड़ी परियोजनाओं से 10,200 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे नरसिंहपुर जिले में सिंचाई रकबा 81% तक बढ़ेगा। मुख्यमंत्री कृषक फसल उपार्जन योजना को 500 करोड़ की मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग के युवाओं को विदेश रोजगार के लिए भेजने वाली योजना का नाम बदलकर ‘निवेश योजना’ किया गया है, जिसमें किसी भी देश के लिए आने-जाने का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। हर साल 500-600 युवाओं को लाभ मिलेगा, योजना के लिए 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।







