मध्य प्रदेश की राजनीति में मानसून सत्र के बाद संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाएं लगातार तेज होती जा रही हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयानों, जिनमें उन्होंने मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन की बात कही थी, उसके बाद राजनीतिक गलियारों में नए समीकरण बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर संभावित बदलावों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है. सूत्रों की मानें तो भाजपा आगामी राजनीतिक परिस्थितियों, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव पर विचार कर सकती है. पार्टी का प्रयास उन क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व देने का भी हो सकता है जहां संगठन को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है.
गोपाल भार्गव की वापसी की चर्चा
संभावित फेरबदल को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के नाम की हो रही है. लंबे राजनीतिक अनुभव और बुंदेलखंड क्षेत्र में मजबूत पकड़ के कारण उन्हें फिर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है. सागर, दमोह, पन्ना और आसपास के क्षेत्रों में उनके प्रभाव को देखते हुए पार्टी उन्हें संगठन और सरकार दोनों के लिए उपयोगी मान रही है.
महिला नेताओं को मिल सकता है मौका
भाजपा महिला नेतृत्व को और मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठा सकती है. राजनीतिक हलकों में रीति पाठक, मालिनी गौड़ और अर्चना चिटनीस के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं. माना जा रहा है कि यदि मंत्रिमंडल विस्तार होता है तो इनमें से एक या दो नेताओं को जिम्मेदारी देकर महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने का संदेश दिया जा सकता है.
युवा चेहरों पर भी नजर
पार्टी अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा नेतृत्व को भी आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है. इसी क्रम में प्रदीप लारिया और बृजेंद्र प्रताप सिंह के नाम भी चर्चा में बने हुए हैं. दोनों नेताओं को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाला चेहरा माना जाता है और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से भी उनकी दावेदारी मजबूत बताई जा रही है. फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद मुख्यमंत्री के प्रदर्शन आधारित मूल्यांकन के संकेतों और भाजपा के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है. अब सभी की नजर मानसून सत्र के बाद होने वाले संभावित फैसलों पर टिकी है. आने वाले समय में यह साफ होगा कि पार्टी अनुभव और नए नेतृत्व के बीच किस तरह का संतुलन बनाते हुए कैबिनेट का नया स्वरूप तैयार करती है.







