मध्य प्रदेश भाजपा में संगठन को मजबूत करने की कवायद लगातार जारी है. इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा किसान मोर्चा के कुछ जिलों के नए अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया है. नई नियुक्तियों को संगठन के विस्तार और किसानों के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
नए अध्यक्षों के नामों का ऐलान
जारी सूची के मुताबिक ग्वालियर ग्रामीण, सागर ग्रामीण, निवाड़ी और जबलपुर नगर में किसान मोर्चा को नए जिला अध्यक्ष मिले हैं. पार्टी ने ग्वालियर ग्रामीण की जिम्मेदारी अमरदीप औलख को सौंपी है, जबकि सागर ग्रामीण में रवेंद्र पटेरिया को यह दायित्व दिया गया है. वहीं निवाड़ी में माधव राजपूत और जबलपुर नगर में अभिनव यादव को किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है.
नई नियुक्तियां जमीनी स्तर पर रहेगी सक्रिय
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि ये नई नियुक्तियां संगठन को जमीनी स्तर पर और ज्यादा सक्रिय बनाने में मदद करेंगी. साथ ही किसानों के बीच पार्टी की मौजूदगी और संवाद को भी मजबूत किया जाएगा. आने वाले समय में इन नेताओं की भूमिका अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को विस्तार देने और किसानों से जुड़े मुद्दों पर काम करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
भाजपा प्रदेश संगठन नई जिम्मेदारियां बांट रही है
दरअसल, भाजपा प्रदेश संगठन पिछले कुछ समय से लगातार अलग-अलग मोर्चों और प्रकोष्ठों में नई जिम्मेदारियां बांट रहा है. हाल ही में प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा के बाद अब किसान मोर्चा में भी नए चेहरों को मौका देकर संगठनात्मक गतिविधियों को और रफ्तार देने की कोशिश की गई है.
क्या कहते हैं राजनीतिक जानकार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा की यह रणनीति आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है. पार्टी फिलहाल बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर रही है, ताकि हर वर्ग तक अपनी पहुंच और प्रभाव को बढ़ाया जा सके.
नई नियुक्तियों के बाद संबंधित जिलों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही किसान मोर्चा के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के जनसंपर्क अभियान को भी नई गति मिल सकती है. ऐसे में साफ है कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व आने वाले दिनों में संगठन को और धारदार बनाने के मिशन पर लगातार काम कर रहा है.







