मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ शहर की चंबल कॉलोनी में युवक नितेश नामदेव के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला अब और गंभीर हो गया है। मारपीट की घटना के कुछ घंटों बाद ही नितेश का शव सरायछौला थाना क्षेत्र से आगे हाईवे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
'कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या'
परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि जिन युवकों ने पहले नितेश के साथ मारपीट की थी, उन्हीं का इस मामले में हाथ हो सकता है। परिजनों ने नितेश के कुछ दोस्तों पर भी संदेह जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग मामले में जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।







