Modi Cabinet Expansion: दिल्ली की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल लाइव होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस मुलाकात की तस्वीर साझा किए जाने के बाद से ही राजनैतिक गलियारों में हलचल पैदा हो गई है। इससे दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्रपति मुर्मू से चर्चा की थी।
पंजाब-एमपी का नया समीकरण
सूत्रों का दावा है कि बीजेपी संगठन पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए एमपी से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्र में कोई बड़ा मंत्रालय सौंप सकती है। वही वर्तमान रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद पार्टी ने उन्हें दोबारा उच्च सदन नहीं भेजा है। अगस्त 2024 में राजस्थान से राज्यसभा पहुंचे बिट्टू की अब कैबिनेट से विदाई तय है और वे पंजाब में चुनाव की जिम्मेदारी संभाल सकते है। कयास हैं कि तरुण चुघ को उनकी जगह ही एडजस्ट किया जा सकता है।
जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा
तो वही केरल से बीजेपी के कद्दावर नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपना राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। संगठन ने उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया, जिसके बाद उनकी कुर्सी अब खाली हो गई है। इसके साथ ही मोदी सरकार के कुछ मौजूदा मंत्रियों को उनके गृह राज्यों में संगठन की बड़ी और नई कमान सौंपी गई है, जिससे यह साफ हो गया है कि मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार अब अंतिम दौर में है।
हालांकि आपको बता दें कि बीजेपी संगठन की ओर से अभी तक इस फेरबदल की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मौजूदा हालातों से साफ संकेत मिल रहे है कि आने वाले दिनों में मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की संभावना है।







