उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र अंतर्गत छपडौर गांव से जुड़े जंगल में मंगलवार को एक तेंदुआ ऊंचे पेड़ पर चढ़ा दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई। वन चौकी के पीछे जंगल में पेड़ पर आराम से बैठे तेंदुए की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, और उसे देखने के लिए भीड़ जुट गई।
तेंदुए की मौजूदगी से फैला भय
तेंदुए की मौजूदगी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनज़र टाइगर रिजर्व प्रबंधन की 10 सदस्यीय टीम तत्काल मौके पर तैनात की गई। वन अमले ने ग्रामीणों को पेड़ से सुरक्षित दूरी पर हटाया और क्षेत्र में सतत निगरानी शुरू कर दी।
परिक्षेत्र अधिकारी ने दी जानकारी
मानपुर परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने बताया कि तेंदुआ जंगल क्षेत्र के भीतर पेड़ पर बैठा हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और ग्रामीणों — दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम लगातार गश्त कर रही है तथा लोगों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है।
ग्रामीणों से की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे तेंदुए के पास जाने, फोटो खींचने या उसे उकसाने का प्रयास न करें। किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।
जागरुकता बेहद आवश्यक
प्रबंधन के अनुसार, ऐसे मामलों में भीड़ नियंत्रण और जागरूकता बेहद आवश्यक है ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति न बने। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।







