सिवनी। राकेश यादव/ राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ एवं संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किसानों को संगठित एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 10 सितंबर तक किसान जागरण यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर किसानों और मजदूरों की समस्याएं सुनी जा रही हैं तथा उनके निराकरण के लिए संगठन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में रविवार 23 अगस्त 2026 को किसान जागरण यात्रा सिवनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलारबाकी पहुंची। यहां किसानों ने पेज परियोजना डी-4 के अंतर्गत सिवनी विकासखंड के ग्राम सूकतरा, ड्यूटी, छतरपुर, मलाजपुर सहित करीब 20 अन्य ग्रामों को परियोजना के विस्तार में शामिल कर सिंचाई व्यवस्था से जोड़ने की मांग उठाई।
किसानों ने मांग रखी कि पेज परियोजना डी-4 के कलारबाकी, बजरवाड़ा एवं खिरकिरी माइनर में दिसंबर 2026 तक पानी छोड़ा जाए। किसानों का कहना है कि यदि निर्धारित समय तक पानी नहीं छोड़ा गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
किसान जागरण यात्रा का समापन 10 सितंबर को जिला मुख्यालय सिवनी में होगा। इस दौरान किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपेंगे।







