भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीति में 14 नवंबर को भोपाल में एक अहम आयोजन होने जा रहा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के समर्थकों और करीबी नेताओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की चर्चा है। इसे कमलनाथ खेमे की एकजुटता और राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
छिंदवाड़ा की हार के बाद समीकरण
लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस की हार के बाद नकुल नाथ की राजनीतिक स्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुई थीं। अब इस आयोजन को नकुल नाथ को फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय और मजबूत करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।
बेटे को राजनीतिक विरासत सौंपने की चर्चा
कांग्रेस के भीतर चर्चा है कि कमलनाथ अब अपनी राजनीतिक विरासत बेटे नकुल नाथ को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि 14 नवंबर का आयोजन इस दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है।
चुनावी हार के बाद बदले कांग्रेस के समीकरण
विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस के भीतर राजनीतिक समीकरण बदले हैं। ऐसे में कमलनाथ समर्थक इस आयोजन के जरिए अपनी मौजूदगी और संगठन में प्रभाव प्रदर्शित करना चाहते हैं। भोपाल में होने वाले इस जमावड़े पर कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी। खासतौर पर यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आयोजन में कौन-कौन से नेता शामिल होते हैं और नकुल नाथ को लेकर कमलनाथ समर्थकों की ओर से क्या संदेश दिया जाता है।









