छठ महापर्व का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए इस साल नवंबर का महीना बेहद खास रहने वाला है. सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय यह पर्व 13 नवंबर 2026 से शुरू होगा. बिहार, झारखंड और पूर्वांचल में इस त्योहार की विशेष धूम रहती है, लेकिन अब देश के दूसरे हिस्सों और विदेशों में भी लोग पूरी श्रद्धा के साथ छठ पूजा मनाते हैं.
छठ को सबसे कठिन व्रतों में गिना जाता है. इसमें व्रती परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं. इस दौरान उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर उनकी पूजा की जाती है. आइए जानते हैं छठ पूजा 2026 की चारों दिनों की तारीख, पूजा की परंपराएं और पूरा कार्यक्रम.
छठ पूजा 2026: सूर्योदय और सूर्यास्त का समय
नई दिल्ली के अनुमानित समय के अनुसार, छठ पर्व के दौरान सूर्योदय सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 28 मिनट पर होगा. अलग-अलग शहरों में भौगोलिक स्थिति के कारण इन समयों में थोड़ा अंतर हो सकता है.
पहला दिन: नहाय-खाय (13 नवंबर 2026)
छठ महापर्व की शुरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के दिन नहाय-खाय की परंपरा से होती है. इस दिन व्रती सुबह स्नान करने के बाद घर की साफ-सफाई करते हैं और पूरे वातावरण को शुद्ध बनाया जाता है. इसके बाद सात्विक और शुद्ध शाकाहारी भोजन तैयार किया जाता है.
इस दिन कद्दू, चने की दाल और चावल खाने की परंपरा है. खास बात यह है कि व्रती के भोजन करने के बाद ही परिवार के दूसरे सदस्य खाना खाते हैं. इसी के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत हो जाती है.
दूसरा दिन: खरना (14 नवंबर 2026)
छठ के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है. कार्तिक शुक्ल पंचमी को व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद पूजा करके प्रसाद ग्रहण करते हैं. इस दिन बनने वाले प्रसाद की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है.
खरना में गन्ने के रस या दूध में बनी चावल की खीर, चावल का पिट्ठा और घी लगी रोटी तैयार की जाती है. इस प्रसाद में नमक और चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता. पूजा के बाद आसपास के लोगों और परिचितों को भी प्रसाद बांटा जाता है. खरना के बाद व्रती का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है.
तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य (15 नवंबर 2026)
छठ पूजा का तीसरा दिन सबसे खास माना जाता है. इस दिन घरों में पूजा के लिए पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं. इनमें ठेकुआ, जिसे कुछ इलाकों में टिकरी भी कहते हैं, और चावल के लड्डू यानी लड़ुआ प्रमुख हैं. इसके अलावा मौसमी फल और अन्य पूजा सामग्री भी तैयार की जाती है.
शाम के समय बांस की टोकरी और सूप में प्रसाद सजाकर व्रती परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के साथ नदी, तालाब या घाट पर पहुंचते हैं. वहां डूबते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य दिया जाता है. इस दौरान छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है.
चौथा दिन: उषा अर्घ्य और पारण (16 नवंबर 2026)
छठ महापर्व का अंतिम दिन कार्तिक शुक्ल सप्तमी को मनाया जाएगा. इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती और परिवार के लोग घाट पर पहुंच जाते हैं. इसके बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न की जाती है.
सुबह का अर्घ्य देने के बाद व्रती छठी मैया से परिवार की मंगलकामना करते हैं. इसके बाद कच्चे दूध का शरबत और प्रसाद ग्रहण करके करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाता है. इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाता है.









