जेईई मेंस 2026 का रिजल्ट सामने आते ही एक बात साफ हो गई है कि अब यह परीक्षा केवल ज्यादा पढ़ाई करने से नहीं, बल्कि सही रणनीति और समय पर लिए गए फैसलों से जीती जा रही है। इस बार पेपर का स्तर काफी कठिन रहा, जिससे कई छात्र घबरा गए। वहीं, जिन्होंने शांत रहकर कम लेकिन सटीक सवालों को हल किया, वे बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहे। जनरल कैटेगरी में 93.41 परसेंटाइल से ऊपर अंक हासिल करने वाले छात्र जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।
एडवांस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया
अब एडवांस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू होगी, जबकि परीक्षा 17 मई को दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। विशेषज्ञ विजित जैन के अनुसार, करीब ढाई लाख छात्रों ने एडवांस के लिए क्वालिफाई किया है, लेकिन आईआईटी में सीटें लगभग 10 हजार ही हैं। इसका मतलब है कि असली प्रतिस्पर्धा अब और भी ज्यादा कठिन होने वाली है।
टॉप एनआईटी में जरुरत ने इतने मार्क्स की
अगर टॉप एनआईटी में कंप्यूटर साइंस जैसी पसंदीदा ब्रांच की बात करें, तो इसके लिए करीब 97.99 परसेंटाइल तक की जरूरत पड़ रही है। यानी सिर्फ क्वालिफाई करना काफी नहीं, बल्कि बेहतर रैंक हासिल करना जरूरी है। इस बार के पेपर में केमिस्ट्री ने छात्रों को खासा चौंकाया, क्योंकि कई सवाल एनसीईआरटी से बाहर थे। वहीं मैथ्स सेक्शन लंबा और समय लेने वाला रहा। जिन छात्रों ने हर सवाल हल करने की कोशिश की, वे उलझ गए, जबकि जिन्होंने सोच-समझकर सवाल चुने, उनका प्रदर्शन बेहतर रहा।
बदल रहा है जेईई का पैटर्न
धीरे-धीरे जेईई का पैटर्न भी बदल रहा है। अब यह सिर्फ सिलेबस पर आधारित परीक्षा नहीं रह गई, बल्कि इसमें मानसिक संतुलन और रणनीति की भी बड़ी भूमिका हो गई है। खासकर जेईई एडवांस में यह बदलाव ज्यादा स्पष्ट नजर आता है। हाल के वर्षों में ऐसे सवाल बढ़े हैं जिनमें कोई विकल्प नहीं होता और सीधे उत्तर देना होता है, जिससे गलती की गुंजाइश कम हो जाती है।
कॉन्सेप्ट को गहराई से समझना होगा
विशेषज्ञ योगेश सिंह का कहना है कि पहले सब्जेक्टिव सवालों में आंशिक अंक मिल जाते थे, लेकिन अब ऐसे सवाल कम हो गए हैं। बिना विकल्प वाले प्रश्नों में कोई “सेफ्टी नेट” नहीं होता, इसलिए तैयारी का तरीका बदलना जरूरी है। छात्रों को हर सवाल हल करने की बजाय सही सवाल चुनना, समय का बेहतर उपयोग करना और कॉन्सेप्ट को गहराई से समझना सीखना होगा।
कैसे देखें रिजल्ट
अगर आप अपना जेईई मेंस 2026 का रिजल्ट देखना चाहते हैं, तो इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं। वहां होमपेज पर “JEE Main 2026 Session 2 Result” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एप्लिकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी कोड डालें। सारी जानकारी भरने के बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप डाउनलोड भी कर सकते हैं।







