इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ इंदौर के ऐतिहासिक अनंत चतुर्दशी झांकी चल समारोह को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए डिजिटल पहल शुरू की है। अब शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी मोबाइल के जरिए झांकियों से जुड़ी जरूरी जानकारी घर बैठे हासिल कर सकेंगे। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से www.indore.live प्लेटफॉर्म के माध्यम से झांकी चल समारोह से संबंधित कई सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य झांकी दर्शन के दौरान लोगों को बेहतर जानकारी देने के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुगम बनाना है।
एक प्लेटफॉर्म पर मिलेगी झांकियों की पूरी जानकारी
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर झांकियों की लाइव लोकेशन देखने की सुविधा रहेगी। इससे लोग यह पता कर सकेंगे कि इस समय कौन-सी झांकी किस स्थान पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा झांकी चल समारोह का ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा। इससे घर से ही लोग समारोह की गतिविधियों को लाइव देख सकेंगे।
पुलिस सहायता और सुरक्षा की जानकारी भी उपलब्ध
पुलिस की डिजिटल पहल के तहत डिजिटल प्रहरी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसमें पुलिस अधिकारियों और कंट्रोल रूम के जरूरी संपर्क नंबर, नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र तथा सुरक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की जा सकेंगी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा केंद्रों और एम्बुलेंस की रियल टाइम लोकेशन की जानकारी उपलब्ध कराने की सुविधा भी रखी गई है। आपात स्थिति में इससे संबंधित सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया गया है।
दतिया में आशुतोष तिवारी को मिल सकती है विधायकी?… घनश्याम सिंह के निर्वाचन को चुनौती
पार्किंग और झांकियों के क्रम की भी मिलेगी जानकारी
झांकी देखने आने वाले लोगों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही झांकियों के क्रम और उनके संभावित समय की जानकारी भी देखी जा सकेगी। पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि तकनीक के माध्यम से झांकी चल समारोह की व्यवस्थाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि झांकी चल समारोह के दौरान www.indore.live का उपयोग करें। इसके जरिए झांकियों की लोकेशन, लाइव प्रसारण, पार्किंग और सुरक्षा व आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। पुलिस के मुताबिक डिजिटल तकनीक और इंदौर की पारंपरिक झांकी संस्कृति को जोड़ने वाली यह पहल नागरिकों को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से झांकी दर्शन में मदद करेगी।
Indore News: इंदौर में टूटेगी पुरानी परंपरा… अनंत चतुर्दशी के अगले दिन नहीं रहेगा अवकाश!







