खबर digital News कटनी/ विजयराघवगढ़-- जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। खनिज विभाग की कार्रवाई पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जबकि रेत माफिया बेखौफ होकर नदियों का सीना चीरने में जुटे हैं। इसी बीच विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 25-26 जून की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि बकठा घाट से नदी की रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए परिवहन किया जा रहा है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेत से भरा एक बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ा। चालक से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी अनुमति या रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर खनन अधिनियम की धारा 4/21 के तहत कार्रवाई की।
हालांकि, इस कार्रवाई ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस रात में अवैध रेत परिवहन पकड़ सकती है, तो आखिर खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था कहां है? जिले में नदियों से अवैध उत्खनन का सिलसिला आखिर किसके संरक्षण में जारी है? पुलिस की कार्रवाई ने रेत माफियाओं पर शिकंजा तो कसा है, लेकिन अवैध खनन के पूरे नेटवर्क पर अब भी बड़े सवाल बरकरार हैं।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट







