खबर digital news कटनी-- जिले में अवैध शराब का कारोबार किस कदर बेलगाम हो चुका है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जन शिकायतें मिलने के बाद आबकारी विभाग को मैदान में उतरना पड़ा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर बड़वारा और ढीमरखेड़ा क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई करते हुए विभाग ने 75 पाव अवैध देशी शराब जब्त की और पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए।बड़वारा के ग्राम रोहनिया में अनिल गुप्ता के कब्जे से 15 पाव तथा शांति बाई के कब्जे से 10 पाव देशी शराब बरामद हुई। वहीं ढीमरखेड़ा के भुडसा, लोहरवारा और पथवारी गांवों में भी अवैध शराब का जखीरा मिला। कमलेश कुशवाहा, रमेश पाल और फूलचंद यादव के कब्जे से कुल 50 पाव से अधिक देशी शराब जब्त की गई।पूरी कार्रवाई में कुल 75 पाव अवैध शराब बरामद होने के बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।हालांकि बड़ा सवाल यह है कि जब गांवों में खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, तब तक विभाग की नजर आखिर क्यों नहीं पड़ी? क्या कार्रवाई सिर्फ शिकायत मिलने के बाद ही होगी, या अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर भी सख्त प्रहार किया जाएगा? फिलहाल आबकारी विभाग ने दावा किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट







