सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बस स्टैंड के पास खड़ी इलेक्ट्रिक ऑटो को गिट्टी से भरे हाईवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो सवार लोग सड़क पर जा गिरे। इस दर्दनाक दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोरी साक्षी यादव की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, डिहुँटा जाने के लिए सवारियां ऑटो में बैठी थीं, तभी सिहोरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी साक्षी यादव रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही बहोरीबंद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हाईवा चालक रामविश्वास यादव को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।क्षेत्र में लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और बेलगाम भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और बस स्टैंड क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है।
बहोरीबंद में रफ्तार का कहर, हाईवा ने ऑटो को मारी टक्कर, किशोरी की मौत, 5 घायल
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया







