रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ Hariyali Mahotsav 2026: आगामी 1 जुलाई से रीवा नगर के समस्त शैक्षिक संस्थानों में सुरक्षित पौधा रोपण किए जाने के लिए स्थल का चयन कर ,वहां लगाए जाने वाली पौधों की संख्या और उनकी सुरक्षा का आकलन करने की उपरांत बृहद स्तर पर पौधारोपण कर एक पखवाड़े तक रीवा नगर में हरियाली महोत्सव मनाया जाएगा ।
समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के प्रमुखों एवं प्राचार्य से आवाहन करते हुए पर्यावरण एवं पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ मुकेश येंगल ने कहा कि नगर पालिक निगम रीवा के मार्गदर्शन में राज्य आनंद संस्थान, रिएक्ट संस्था एवं अन्य संस्थाओं के सक्रिय प्रतिनिधियों के सहयोग से मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला जी के नेतृत्व में हरियाली महोत्सव के अंतर्गत संस्थाओं के परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर एक जुलाई से वृहद पौधारोपण किया जाएगा।
सोशल एक्टिविस्ट एवं पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ मुकेश येंगल ने बताया कि सन् 1995, सन् 2009, 2017 तथा, 2020 के कोरोना काल में भी स्थानीय विधायक एवं मंत्री जी के मार्गदर्शन में किए गए वृहद पौधारोपण का ही परिणाम है कि
आज रीवा नगर में दो नगर वन के साथ करीब 25 शैक्षणिक संस्थान हरियाली से आच्छादित हो चुके हैं इसमें वन विभाग ,नगर पालिक निगम रीवा, राज्य आनंद संस्थान, रिएक्ट संस्था, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित नगर में इसी दिशा में किए गए कार्यों का परिणाम है कि आज नगर में कई पार्क भी विकसित किया जा चुके हैं और यह क्रम निरंतर जारी है। हरियाली महोत्सव में संभागीय एवं जिला प्रशासन ,पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर उक्त हरियाली महोत्सव को भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
डॉ येंगल ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों का आहवान किया कि वे अपने कैंपस की वस्तुस्थिति से अवगत करायें और पूरे उत्साह के साथ रीवा नगर को हरा भरा और साफ़सुथरा बनाने में समस्त साथियों के साथ आगे आयें।







