हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ शहर की देव कॉलोनी के सामने स्थित रेलवे टीआरडी ऑफिस के पिछले हिस्से में डाउन रेलवे लाइन पर शनिवार रात करीब 8 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय दो लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आए
मिली जानकारी के अनुसार, देव कॉलोनी निवासी गणेश शर्मा (62) और विकासनगर निवासी रितिक धार्मिक (32) रेलवे लाइन पार कर देव कॉलोनी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान हरदा से इटारसी की दिशा में जा रही डाउन कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में दोनों आ गए।
स्टेशन मास्टर को दी सूचना
हादसे की सूचना कर्नाटक एक्सप्रेस के चालक ने स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
परिजनों को सौंपा शव
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल दोनों शव जिला अस्पताल के मर्च्यूरी रूम में रखे गए हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







