गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ गुना जिले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राघौगढ़ थाना क्षेत्र के राजपुरा एवं साकोन्या गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
12 हजार लीटर लहान बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर राघौगढ़ थाना पुलिस ने एसडीओपी राघौगढ़ के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गांवों में कई ड्रमों और गड्डों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 12 हजार लीटर लहान बरामद किया गया।
लहान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये
पुलिस द्वारा मौके से स्टील की दो भट्टियां, छोटे-बड़े कई ड्रम और शराब निर्माण में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री भी जप्त की गई। बरामद लहान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस फोर्स द्वारा मौके पर ही पूरे लहान को नष्ट कर दिया गया।
अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
इस कार्रवाई के दौरान राघौगढ़ एसडीओपी सहित आसपास के कई थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी मामला राघौगढ़ थाना क्षेत्र का है।







