जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी: छावनी क्षेत्र के सरस्वती मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कैंट विधायक द्वारा 157 जरूरतमंद महिलाओं को 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' के तहत निःशुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हा वितरित किए गए। इस खास अवसर पर गैस कनेक्शन पाकर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी ने स्वयं उपस्थित होकर महिलाओं को किट सौंपी और उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में इस कल्याणकारी योजना के जरिए मातृशक्ति को उपहार दिया जा रहा है, जिससे उन्हें रसोई के पारंपरिक और कष्टदायक तरीकों से राहत मिल सके।
गैस कनेक्शन वितरण के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कैंट विधायक ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से क्षेत्र की गरीब और श्रमिक वर्ग की बहनों को चूल्हे के हानिकारक धुएँ से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी, जिससे उनके स्वास्थ्य में बड़ा सुधार आएगा।
अशोक रोहाणी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर बैठी महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बना रही हैं। आज का यह आयोजन इसी सेवा और समर्पण भाव का एक जीता-जागता उदाहरण है।







