कटनी। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जुए के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी बीच माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुनेहरा के जंगल में जुए की महफिल सजाकर हार-जीत का दांव लगा रहे पांच लोगों को निवार पुलिस ने रंगेहाथों दबोच लिया। पुलिस की अचानक दबिश से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से ₹19,800 नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को चौकी निवार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुनेहरा के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई में पांच आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों में घ्यानी लुनिया (40), संदीप कुमार राजभर (32), सोनू काछी (25), अंकित कुमार समदरिया (27) निवासी शाहपुर तथा अंकित कुमार काछी (32) निवासी बिछुआ शामिल हैं। सभी आरोपी थाना माधवनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं मौके से कुल ₹19,800 की नकदी और ताश के पत्ते जब्त कर सभी के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
एसपी के निर्देश पर जारी अभियान, निवार पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसमें चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र सहित सउनि राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, देवेश कोस्टा, संतोष प्रजापति, आरक्षक अरविंद कुशवाहा एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जंगल में चल रही जुए की इस महफिल पर पुलिस की कार्रवाई ने अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।









