खबर digital News कटनी-- जिले में विस्फोटक भंडारण से जुड़े नियमों की खुली अनदेखी अब भारी पड़ती नजर आ रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई जांच में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने 10 विस्फोटक मैगजीन लाइसेंसधारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
जांच दल की रिपोर्ट में कई मैगजीन बंद मिलीं, जरूरी अभिलेख गायब पाए गए, लाइसेंस की अनिवार्य शर्तों का पालन नहीं किया गया और त्रैमासिक प्रतिवेदन तक जमा नहीं किए गए। प्रशासन ने इसे विस्फोटक नियम, 2008 का गंभीर उल्लंघन माना है।
प्रशासन की कार्रवाई की जद में विजयराघवगढ़, कैमोर, बरही, कटनी और बहोरीबंद क्षेत्र के कई लाइसेंसधारी आए हैं। इनमें सुमित्रा ग्रोवर, मदन लाल ग्रोवर, संगीता ग्रोवर, रंजन ग्रोवर, कामतानाथ स्टोन, श्री गुरूकृपा इंटरप्राइजेज, एसएनएस संडरसन और कमल लाइम इंडस्ट्रीज शामिल हैं। अलग-अलग लाइसेंस होने के कारण कुछ संचालकों को दो-दो नोटिस भी जारी किए गए हैं।
सभी लाइसेंसधारियों को 6 जुलाई दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या अनुपस्थित रहने पर लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त करने की एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह है कि जब विस्फोटक जैसी संवेदनशील सामग्री के भंडारण में ही नियमों की अनदेखी हो रही थी, तब जिम्मेदार विभागों की निगरानी आखिर कहां थी? यदि समय रहते जांच न होती तो क्या यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी?
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097







