डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ बजाग थाना क्षेत्र के ग्राम खपरीपानी के एक पीड़ित वृद्ध ने पिंडरूखी निवासी एक युवक पर सीबीआई जांच कराने का झांसा देकर 20 हजार रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
11 माह से लापता बेटा, पिता परेशान
जानकारी के अनुसार, पीड़ित चेतराम पिता मदनू कुसराम (उम्र 60 वर्ष), निवासी खपरीपानी, का पुत्र शिवलाल करीब 11 माह पहले काम की तलाश में जोधपुर (राजस्थान) गया था। इसके बाद से वह घर वापस नहीं आया। अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद भी जब पुत्र का कोई सुराग नहीं मिला, तो वृद्ध पिता सदमे में थे।
सीबीआई जांच का दिया झांसा
इसी दौरान पिंडरूखी निवासी महेन्द्र परस्ते को मामले की जानकारी लगी। वह खपरीपानी पहुंचा और पीड़ित पिता से संपर्क कर भरोसा दिलाया कि उसकी "उच्च अधिकारियों से पहचान" है तथा वह सीबीआई से जांच करवाकर शिवलाल को खोज निकालने में मदद करेगा। उसने बताया कि इसके लिए अधिकारियों को 20 हजार रुपये देने होंगे।
नहीं मिली कोई जानकारी
अपने बेटे की तलाश की उम्मीद में चेतराम महेन्द्र परस्ते के झांसे में आ गया और मई 2025 में 20 हजार रुपये दे दिए। पिता को विश्वास था कि उसका पुत्र जल्द घर लौट आएगा। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी शिवलाल से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
गोलमोल जवाब देकर टरकाया
जब पीड़ित ने अपने बड़े बेटे को महेन्द्र से जानकारी लेने भेजा, तो उसने गोलमोल जवाब दिए। बाद में कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन महेन्द्र परस्ते लगातार बचता रहा और अब तो पीड़ित परिवार के फोन तक रिसीव नहीं कर रहा है। अंततः ठगा हुआ परिवार परेशान होकर बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचा। पीड़ित चेतराम ने महेन्द्र परस्ते के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई।







