खबर digital News/रिपोर्टर कटनी-- नगर पालिक निगम कटनी शहर के छपरवाह पार्क में महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सम्मान में उनकी गरिमामयी प्रतिमा स्थापित करेगा। इसके साथ ही पार्क में उनके नाम का नाम पटल भी लगाया जाएगा। इस संबंध में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।महापौर प्रीति सूरी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप महापुरुषों के विचारों और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श और सिद्धांत आज भी समाज, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिमा स्थापना एवं नाम पटल से संबंधित सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि यह कार्य जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सार्वजनिक स्थलों को केवल सुविधायुक्त ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र प्रेरणा के केंद्र के रूप में भी विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।प्रतिमा और नाम पटल स्थापित होने के बाद छपरवाह पार्क आने वाले नागरिकों और युवाओं को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं राष्ट्रहित में दिए गए योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097







