धार/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के धार जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। सरदारपुर क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने खिड़कियों से छलांग लगा दी। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं।
सूरत से कानपुर जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना सरदारपुर नगर के भोपावर चौकी क्षेत्र के पास रात करीब 1:10 बजे हुई। यात्री बस गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही थी। धार जिले से गुजरते समय चलती बस से अचानक धुआं निकलने लगा। बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ते ही बस चालक वाहन को बीच रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आग ने लिया विकराल रुप
आग लगने के बाद कुछ ही देर में बस के अंदर धुआं तेजी से फैल गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। घबराए यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस हादसे में यात्रियों का काफी सामान आग की भेंट चढ़ गया। नकदी, कपड़े और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
मौके पर पहुंचा दमकल अमला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद प्रभावित यात्रियों के लिए दूसरी बसों की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा सके। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश भी की जा रही है।
Dal Price Hike: चीनी-प्याज के बाद अब दालों की बारी, उड़द 15%, अरहर 19% और मसूर 35% तक महंगी, जानें नए भाव







