कान्हीवाड़ा/ सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उस पर अमर्यादित सामग्री परोसने के मामले में अब खाकी खुद कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। बरघाट थाने में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) को सोशल मीडिया ग्रुप पर अश्लील वीडियो डालना भारी पड़ गया है। इस कृत्य से नाराज ग्रुप एडमिन ने कान्हीवाड़ा पुलिस को पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायती आवेदन सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार सुबह का है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'दैनिक भास्कर कान्हीवाड़ा' के व्हाट्सऐप ग्रुप में बरघाट थाने में पदस्थ एएसआई (ASI) एस.के. राय द्वारा शनिवार सुबह ठीक 7:28 बजे एक अत्यंत आपत्तिजनक व अश्लील वीडियो पोस्ट किया गया। प्रतिष्ठित ग्रुप में एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा इस तरह की अश्लील सामग्री डाले जाने से ग्रुप के सदस्यों में भारी आक्रोश फैल गया।
ग्रुप एडमिन ने दर्ज कराई आपत्ति
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रुप एडमिन संतोष बंदेवार तत्काल कान्हीवाड़ा थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिस अधीक्षक सिवनी के नाम एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि एक शासकीय पद पर बैठे जिम्मेदार अधिकारी द्वारा सार्वजनिक ग्रुप में ऐसी अभद्र सामग्री पोस्ट करना न सिर्फ मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश जाता है। ग्रुप एडमिन ने एएसआई के खिलाफ तत्काल उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है







