रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा के बैकुंठपुर में बीमारी से हुई मौत को हत्या बताकर दो बुजुर्गों को फंसाने का गंभीर आरोप लगा है! परिजनों का दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते 74 और 71 वर्षीय वृद्धों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
अब सवाल पुलिस की जांच और मेडिकल रिकॉर्ड की अनदेखी पर उठ रहे हैं। डेली गांव के दबल प्रसाद की मौत के बाद मामला दर्ज हुआ। परिजनों के मुताबिक, मृतक लंबे समय से गंभीर संक्रमण से पीड़ित थे और निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
आरोप है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने और मौत के बाद दर्ज एफआईआर में मारपीट से मौत का उल्लेख किया गया। परिवार का दावा है कि मेडिकल रिकॉर्ड बीमारी की गंभीरता की ओर इशारा करते हैं।
मामले में 74 वर्षीय देवराज शुक्ला और 71 वर्षीय भाईलाल शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अब परिजन आईजी गौरव राजपूत से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। सवाल है कि क्या गिरफ्तारी से पहले मेडिकल तथ्यों और घटनाक्रम की पूरी जांच हुई थी? इन गंभीर आरोपों पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।







