भोपाल: दतिया विधानसभा उपचुनाव: 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।अब तक कुल 1 करोड़ 6 लाख 37 हजार 702 रुपये से अधिक मूल्य की नगदी , अवैध शराब एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम), एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) एवं अन्य जांच दलों द्वारा अब तक 85 लाख 82 हजार 400 रुपये की नगद राशि जब्त की गई है।
इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 15 हजार 556 लीटर शराब भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 49 हजार 302 रुपये आंकी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए निगरानी दलों द्वारा जिले में लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







