डिंडौरी/शैलेश नामदेव/ खबर डिजिटल/ जिले के कारोपानी गांव में शनिवार शाम धान की गहाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत के पास बने खलिहान में काम चल रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर और थ्रेशर में आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में चार एकड़ में रखी पूरी फसल, ट्रैक्टर और थ्रेशर जलकर राख हो गए।
तेजी से फैल गई आग, काबू पाना मुश्किल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसान गहाई कर रहे थे कि अचानक मशीन से धुआं उठता दिखा, और देखते ही देखते लपटें फैलने लगीं। ग्रामीणों ने मौके पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि उसे रोकना संभव नहीं हुआ।
किसान बोले - तीन महीने की मेहनत राख
किसान सालेन्द्र परस्ते ने बताया कि इस बार चार एकड़ में अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। समय पर बारिश होने से फसल भी उम्दा हुई थी, लेकिन आग की घटना ने उनकी तीन महीने की मेहनत पलभर में जला दी।
ट्रैक्टर मालिक को हुआ भारी नुकसान
ट्रैक्टर मालिक संतराम परस्ते ने बताया कि वह लगातार गहाई का काम कर रहे थे और पहले किसी तरह की तकनीकी समस्या नहीं आई थी। लेकिन अचानक आग लगने से ट्रैक्टर और थ्रेशर दोनों पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर गाड़ासरई पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण का निरीक्षण किया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।







