खबर digital news कटनी- देशभर में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने युवाओं की आवाज़ बुलंद करने के लिए "छात्रों की गूंज" अभियान शुरू किया है। कटनी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि यह अभियान छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देगा।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजस्थान के कोटा में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि देश का युवा अब पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समयबद्ध भर्ती और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है।जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी और बढ़ती बेरोजगारी से लाखों युवा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन 'कक्का' ने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का मौलिक अधिकार है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता दिखानी होगी।प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी पर चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा, परिणाम और भर्ती के लिए समयबद्ध वार्षिक कैलेंडर लागू किया जाए।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि "छात्रों की गूंज" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के अधिकार, न्याय और बेहतर भविष्य की लड़ाई है। प्रेसवार्ता में एड. अमित शुक्ला, रामनरेश त्रिपाठी, राकेश जैन 'कक्का', प्रेम बत्रा, अजय जैसवानी, अजय कोल, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, हर्षित मिश्रा और साहिल नामदेव उपस्थित रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट







