भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मामले को लेकर सीएम मोहम यादव ने बड़ा संदेश देते हुए लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के दिवंगत शिक्षकों-कर्मचारियों के परिवारों का भी ख्याल रखना है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि कर्मचारी कल्याण शिविर के माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्या का ऑनलाइन जल्द निराकरण किया जाए। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही 251 और अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इसके साथ ही पिछले 4-5 दिनों में कुल 851 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
स्टूडेंट डायरेक्ट्री मैनेजमेंट सिस्टम पर फोकस
सीएम मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि सरकार के प्रयासों में विद्यार्थियों को फ्री किताबें, साइकिल, यूनिफॉर्म, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं जी जा रही हैं। सरकार ने सांदीपनि स्कूलों के जरिये आधुनिक सुविधाओं और शिक्षा का बेहतर वातावरण विकसित किया है। शिक्षा विभाग ने प्रवेश से लेकर अन्य प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने के लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 और स्टूडेंट डायरेक्ट्री मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया है।
मोहन सरकार ने दिए लैपटॉप
शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने और प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की राशि दी जाती है।
इसी महीने 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में डिजिटल संसाधनों का उपयोग करने में मदद मिलेगी।
व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर जोर
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में MP के 55 जिलों में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए गए हैं। इन संस्थानों में पारंपरिक विषयों के साथ रोजगारपरक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर जोर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र शुरू करने, विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने और नए पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की है।







