झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/कलेक्टर नेहा मीना ने मोरझरी स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला एवं शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा 8वीं में छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए बच्चों ने विद्यालय में विद्युत आपूर्ति न होने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम थांदला को निर्देशित किया कि एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर को तत्काल बुलाकर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही कलेक्टर ने बीईओ को ऐसे सभी विद्यालयों की जानकारी लेकर जहाँ मेंटेनेंस कार्य शेष है, वहाँ शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

विज्ञान विषय की कक्षा में शेड्यूल के अनुसार अक्टूबर माह तक पाठ्यक्रम पूर्ण न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि कक्षाओं में सिलेबस की सतत मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को नियमित गृहकार्य दिया जाए, उसकी चेकिंग सुनिश्चित हो, तथा गाइड पुस्तकों के अत्यधिक उपयोग को हतोत्साहित किया जाए।
शासकीय प्राथमिक शाला में कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन में परोसी जा रही खीर, पूड़ी और सब्जी का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता की जाँच की और आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) थांदला श्री महेश मण्डलोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







