मध्य प्रदेश के लाखों किसान मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की अगली किस्तों का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। करीब 80 लाख किसान इस उम्मीद में हैं कि जल्द ही उनके खाते में 2000-2000 रुपये की 14वीं और 15वीं किस्त जमा होगी, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई है। आखिरी बार इस योजना के तहत अगस्त 2025 में राशि जारी की गई थी, उसके बाद से किसानों को कोई भुगतान नहीं मिला है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्तें समय-समय पर मिलती रही हैं, जिससे किसानों को उम्मीद है कि राज्य सरकार भी जल्द राहत दे सकती है।
अब किसानों के खाते में आएंगे पैसे
जहां तक 14वीं किस्त की बात है, फिलहाल इसकी तारीख को लेकर स्थिति साफ नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, मई के पहले हफ्ते के बाद ही इस पर कोई अपडेट सामने आ सकता है। हालांकि, कृषि विभाग ने अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ भी घोषित नहीं किया है, जिससे किसानों में बेचैनी बढ़ रही है। देरी को देखते हुए अब यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि सरकार 14वीं और 15वीं दोनों किस्तें एक साथ जारी कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो किसानों के खातों में एक साथ 4000 रुपये आने की संभावना है। हालांकि, इस पर भी अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी गई है।
किनकों मिलता है फायदा
इस योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलता है जो पहले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं। यानी जिन किसानों को पीएम किसान की राशि मिल रही है, वही इस योजना के लिए भी पात्र हैं। लेकिन अगर किसी किसान की ई-केवाईसी या फार्मर आईडी अपडेट नहीं है, तो उनकी किस्त अटक सकती है।
ऑनलाइन देख सकते हैं किसान
किसान अपने भुगतान की स्थिति ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें सारा पोर्टल पर जाकर “मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना हितग्राही स्थिति” विकल्प पर क्लिक करना होगा। वहां आधार नंबर, बैंक खाता या पीएम किसान आईडी दर्ज करने के बाद कैप्चा भरकर सर्च करें। मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा। फिलहाल, किसानों को अगली किस्त के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पैसा कब जारी होगा और कितनी किस्तें एक साथ दी जाएंगी।







