डेस्क। चित्रकूट में छात्रा से गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों का इलाज शिवरामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो तमंचे भी बरामद किए हैं।
जंगल में घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे भरकूप थाना क्षेत्र के मड़था जंगल में आरोपी की लोकेशन मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी जितेंद्र के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 10 राउंड फायर किए।
दो तमंचे बरामद, ₹50 हजार का था इनाम
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला शिवरामपुर के कल्ला गांव का रहने वाला है। चित्रकूट धाम मंडल के डीआईजी ने उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था। कार्रवाई एसओजी टीम और बहिलपुरवा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत की।
22 जुलाई की घटना से जुड़ा है मामला
यह मामला 22 जुलाई को चित्रकूट की देवांगना घाटी में हुई घटना से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, तीन युवकों ने एक छात्रा और उसके दोस्त को बंधक बनाया था। इसके बाद छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच कर रही है।
ये खबर भी पढ़ें..







