BJP News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन का विस्तार होने के बाद अब छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में भी बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से दूर रहने के चलते संगठन का कामकाज कुछ हद तक रूका हुआ है, जिसके चलते कार्यकारी अध्यक्ष या नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कयासबाजी तेज हो गई है। बता दें कि किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना के बाद से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
अध्यक्ष पद की रेस में ये नाम
संतोष पांडेय सांसद, राजनांदगांव: संगठन का अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर समन्वय के कारण संतोष पांडेय का नाम सबसे माना जा रहा है।
शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक: मैदानी राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहने और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के चलते शिवरतन शर्मा को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
रूपकुमारी चौधरी सांसद, महासमुंद: इससे पहले रूपकुमारी चौधरी का नाम भी चर्चा में था, हालांकि उन्हें भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महिला मोर्चा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद अब प्रदेश संगठन की रेस में उनकी दावेदारी थोड़ी कमजोर मानी जा रही है।
नए प्रदेश प्रभारी का भी होगा ऐलान
नितिन नबीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति होना भी तय माना जा रहा है। चर्चा यह भी है कि स्वास्थ्य लाभ के बाद किरण सिंह देव को राज्य सरकार या मंत्रिमंडल में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। फिलहाल, अंतिम फैसला भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के पाले में है और आने वाले दिनों में प्रदेश प्रभारी व नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर आधिकारिक मोहर लग सकती है।







