छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए रायपुर शहर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है. पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की मंजूरी के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन ने 61 सदस्यों वाली टीम का ऐलान किया. इस नई टीम में संतुलन, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारी को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियां बांटी गई हैं. सूची के अनुसार 12 उपाध्यक्ष, 19 महामंत्री, 20 सचिव और 10 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं.
कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित
इस बार की कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि पिछली टीम के कई पदाधिकारियों को जगह नहीं मिली है. इससे साफ है कि पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने की कोशिश कर रही है.

सूत्रों के मुताबिक इस नई टीम का गठन संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, बूथ स्तर पर पकड़ बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने के मकसद से किया गया है. इसे शहर में कांग्रेस को ज्यादा सक्रिय बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है. पार्टी नेतृत्व चाहता है कि जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाए और उसकी नीतियां सीधे आम लोगों तक पहुंचें. नई कार्यकारिणी के ऐलान के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह भी देखा जा रहा है. पार्टी को उम्मीद है कि यह टीम संगठन को नई गति देगी और रायपुर में कांग्रेस की स्थिति को और मजबूत करेगी.







