छतरपुर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के सोशल मीडिया पर चर्चित अजय पार बाबा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कभी नारियल बेचकर अपना गुजारा करने वाले अजय बाबा ने इस बार धनतेरस के मौके पर नई AC कार खरीदी है। उनकी नई गाड़ी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग उनकी तरक्की को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती लोकप्रियता के चलते अजय बाबा की पहचान तेजी से बढ़ी है। उनके वीडियो और खास अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। खासकर महिलाओं के बीच भी उनका अंदाज सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहा है।
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री से हो रही तुलना
अजय पार बाबा की बढ़ती लोकप्रियता के बीच अब उनकी तुलना बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी की जाने लगी है। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता और लोगों के बीच पहचान को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। माना जा रहा है कि बागेश्वर धाम के बाद इलाके में अजय पार बाबा का कैंडी धाम नई पहचान स्थापित करेगा, और बड़ा धार्मिक क्षेत्र बनकर लोगों के व्यापार और खुशहाली में बढ़ोतरी करेगा।
नई कार खरीदने पर सोशल मीडिया में मिली-जुली प्रतिक्रिया
धनतेरस पर नई AC कार खरीदने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे उनकी मेहनत और लोकप्रियता का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ लोग उनकी आर्थिक तरक्की को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल अजय पार बाबा की नई कार और उनके बदलते रहन-सहन को लेकर छतरपुर से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चाओं का दौर जारी है।









