चंदेरी/खबर डिजिटल/ क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संचार तथा डाक विभाग मंत्री भारत सरकार ज्योतिरादित्य सिंधिया को चंदेरी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता डॉ योगेश मिश्रा द्वारा किए गए पत्र व्यवहारों के पश्चात केंद्रीय मंत्री के महानिदेशालय डाक विभाग भारत सरकार को दिए गए निर्देश के बाद मध्य प्रदेश के पोस्टमास्टर जनरल को नई दिल्ली से पत्र प्रेषित कर चंदेरी के उप डाकघर के नवीन भवन बनाए जाने हेतु निर्देश जारी किया है,
इसके अनुक्रम में सहायक पोस्ट मास्टर जनरल भवन निर्माण मध्य प्रदेश परिमंडल भोपाल के द्वारा चंदेरी के सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर योगेश मिश्रा को पत्र के माध्यम से यह अवगत कराया गया है कि, चंदेरी के उप डाकघर के नवीन भवन बनाए जाने के लिए स्थानीय प्रशासन चंदेरी के द्वारा पूर्व में जन सुविधा की दृष्टि से नवीन बस स्टैंड चंदेरी के निकट निशुल्क भूमि आवंटित करने को कहा था, परंतु अब स्थानीय प्रशासन द्वारा जमीन आवंटन की प्रक्रिया के लिए ₹16,66,110 जमा करने की मांग की गई है, जिस संबंध में उपयुक्त कार्रवाई की जा रही है और जमीन आवंटित होते ही नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

इस संबंध में चंदेरी के अनु विभागीय अधिकारी राजस्व मनीष धनगर से जब चर्चा की गई तब उन्होंने बताया कि, राजस्व विभाग के राजस्व परिपत्र नियम अनुसार जमीन आवंटन हेतु निर्धारित राशि जमा करने पोस्ट ऑफिस विभाग को निर्देशित किया गया है, निर्धारित राशि जमा होते ही जमीन आवंटन कर दिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन नवीन डाकघर भवन के निर्माण के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के लिए तत्पर है
यहां यह अवगत कराना उचित होगा कि, चंदेरी के सदर बाजार में उप डाकघर का पुराना भवन जर्जर स्थिति में हो जाने से उप डाकघर किराए की बिल्डिंगों में संचालित हो रहा है और सदर बाजार में पार्किंग आदि की व्यवस्था तथा जगह की कमी होने से यह उप डाकघर जनता की मांग पर नए बस स्टैंड के पास किराए के भवन में शिफ्ट हुआ है,
परंतु इसका नवीन भवन न होने से प्रतिदिन लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है जिसके लिए क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री को नवीन भवन निर्माण हेतु अनुरोध किया गया था, इसके पश्चात यह अच्छी करवाई संपन्न हुई है जिससे उप डाकघर चंदेरी के नवीन भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, निकट भविष्य में उप डाकघर चंदेरी का नवीन भवन निर्मित होगा और डाकघर की विभिन्न सेवाओं का लाभ चंदेरी में प्राप्त हो सकेगा।
नागरिकों ने क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस नवीन भवन की सौगात प्रदान करने के लिए धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया है।







